जमशेदपुर : SDSM स्कूल फॉर एक्सीलेंस में आज CBSE जोनल (ईस्ट जोन) तीन दिवसीय आर्चरी चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन हुआ। इस प्रतियोगिता में पूर्वी भारत के विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम के उद्घाटन के मौके पर अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज एवं भारतीय कोच पूर्णिमा महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। उनके साथ तीरंदाजी के राष्ट्रीय कोच हरेंद्र सिंह, झारखंड आर्चरी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कुमार, स्कूल के प्रधानाध्यापक दिवाकर सिंह, आंतरराष्ट्रीय तीरंदाज कोमोलिका बारी और अंकिता भी मौजूद रहीं।
पूर्णिमा महतो ने अपने उद्घाटन भाषण में खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा, “तीरंदाजी केवल खेल नहीं, बल्कि एक कला है जिसमें ध्यान, समर्पण और अनुशासन का मेल होता है। इस चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाले हर खिलाड़ी में भविष्य का तीरंदाजी चैंपियन छिपा है, जो देश का नाम रोशन कर सकता है।” उन्होंने नवोदित खिलाड़ियों से यह भी कहा कि मेहनत और सही मार्गदर्शन से किसी भी ऊंचाई को छुआ जा सकता है।
महतो ने झारखंड की तीरंदाजी परंपरा की चर्चा करते हुए कहा, “झारखंड हमेशा से तीरंदाजों की जन्मस्थली रहा है। यहां से निकले खिलाड़ी न सिर्फ राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी छाप छोड़ चुके हैं।” उन्होंने झारखंड की युवा पीढ़ी को खेलों में अधिक भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि इस तरह की चैंपियनशिप खिलाड़ियों के कौशल को निखारने का बेहतरीन अवसर हैं।
तीन दिनों तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में विभिन्न श्रेणियों में मुकाबले होंगे। राष्ट्रीय कोच हरेंद्र सिंह और अन्य विशेषज्ञ कोचों ने भी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। झारखंड आर्चरी संघ के उपाध्यक्ष दिनेश कुमार ने स्कूल की ओर से चैंपियनशिप के आयोजन की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूत करेंगे। उद्घाटन सत्र में खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर दिखा, वहीं कोच और अन्य अतिथियों ने खेल के तकनीकी पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।
अगर आपके आसपास कोई खबर हो, तो हमें 9905618845 नंबर पर WhatsApp करें।
Saransh News के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए, इस लिंक को क्लिक करें :
https://chat.whatsapp.com/BkrWzsoIov0ISUvZGDJxKI